जमशेदपुर: पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के निजी सचिव ओम प्रकाश सिंह ने बुधवार को प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि मानगो और जमशेदपुर पश्चिम की जनता पिछले एक साल से गंभीर समस्याओं का सामना कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान विधायक सरयू राय मुद्दों की अनदेखी कर केवल बयानबाजी में व्यस्त रहते हैं.

उन्होंने कहा कि मानगो फ्लाईओवर निर्माण को रोकने के लिए विधायक द्वारा लगातार प्रयास किए गए. कभी NGT को पत्र लिखकर, तो कभी वन विभाग और अन्य एजेंसियों से निर्माण रोकने की कोशिश की गई. उन्होंने कहा कि विधायक ने सार्वजनिक तौर पर यह तक कह दिया था कि मानगो में फ्लाईओवर बन पाना संभव नहीं है, जबकि आज पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के प्रयासों से निर्माण कार्य अंतिम चरण में है.
ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि जब विधायक निर्माण को रोकने में सफल नहीं हुए, तो उन्होंने अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से कार्य बाधित कराने की कोशिश शुरू कर दी. उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक का उठना-बैठना अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के साथ अधिक है और यही लोग भीड़ जुटाकर काम रुकवाने का प्रयास कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि अपराध, लूट, मारपीट और हत्या जैसे मामलों में भारी बढ़ोतरी हुई है और जनता असुरक्षित महसूस कर रही है. उन्होंने प्रिंस खान सहित कई अपराधियों का नाम लेते हुए दावा किया कि ऐसे लोग वर्तमान विधायक से जुड़े हैं.
ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि विधायक द्वारा लीकेज वाली पानी टंकी का उद्घाटन कर जनता को भ्रमित किया गया, जबकि मानगो के हजारों घरों में अब भी पेयजल संकट बना हुआ है. डंपिंग यार्ड पर रोक लगवाकर मानगो को कचरे की समस्या में धकेलने का आरोप भी उन्होंने लगाया.
उन्होंने कहा कि विधायक स्वयं स्वीकार कर चुके हैं कि यदि वे बन्ना गुप्ता के बयान कट-पेस्ट नहीं करते तो चुनाव हार जाते. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से विकास की उम्मीद करना गलत है और उन्हें फर्जी चाणक्य की बजाय साइबर अपराधी की श्रेणी में रखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए घाटशिला उपचुनाव में विधायक की निष्क्रियता सभी ने देखी, जबकि अपने चुनाव के समय वे खुलकर प्रचार करते रहे थे.

