चांडिल/ Afroz Mallik कपाली में सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर बुधवार को कपाली पुलिस ने विशेष अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस एक्ट के तहत लगभग 10 वाहन मालिकों और व्यक्तियों पर फाइन लगाया गया, जिन्होंने सड़क पर ईंट, बालू, गिट्टी और अन्य सामग्री गिराकर रास्ते को संकुचित कर दिया था.

जानकारी देते हुए कपाली थानेदार धीरंजन कुमार ने बताया कि लगातार यह शिकायत मिल रही थी कि सड़क पर निर्माण सामग्री गिराकर आवागमन बाधित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है. शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की.
थानेदार ने कहा कि सड़क सार्वजनिक आवागमन के लिए है और उस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नियम तोड़ने वालों पर फाइन लगाया गया है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.
पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि सड़क पर ईंट, बालू, गिट्टी या कोई भी सामान न गिराएं, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी.

