चांडिल/ Vikash Thakur चौका थाना परिसर में बुधवार को संविधान दिवस समारोह सादगी और सम्मान के साथ मनाया गया. इस अवसर पर थाना प्रभारी सोनू कुमार ने सभी पुलिसकर्मियों को भारतीय संविधान और कानून के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई.

थाना प्रभारी ने जवानों को राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई और संविधान की मूल भावना को संरक्षित रखने का संकल्प दिलाया. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का प्रमुख दायित्व है कि वे ईमानदारी, निष्पक्षता और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें.
शपथ ग्रहण के दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने का संकल्प लिया. साथ ही सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करने तथा विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास और धर्म की स्वतंत्रता की रक्षा करने की प्रतिज्ञा भी ली. समारोह के दौरान शांत और गरिमामय वातावरण देखने को मिला.

