चांडिल/ Vikash Thakur प्रखंड के भादुडीह पंचायत अंतर्गत ग्राम बड़ालाखा में बुधवार को ग्राम प्रधान कृष्णा मार्डी की अध्यक्षता में ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई. बैठक का मुख्य एजेंडा गांव में बढ़ती पानी की किल्लत और इससे निपटने के उपायों पर रहा.

ग्राम सभा में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया, जिसके तहत गांव की लगभग चार एकड़ परती भूमि पर ग्रामीणों के सहयोग से एक बड़ा तालाब बनाया जाएगा.
ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित तालाब से खेती के लिए सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी, मवेशियों के लिए पेयजल का स्थायी समाधान मिलेगा और मत्स्य पालन से गांव में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. गांव में लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है, ऐसे में यह तालाब ग्रामीण जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है.
बैठक में कृष्णा पद मार्डी, सुबोध टुडू, रतन टुडू, अरुण कुमार टुडू, भूकुल हेम्ब्रम, गुरा राम मार्डी, धनंजय हेम्ब्रम, भूषण हांसदा सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे. ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि तालाब निर्माण के बाद गांव में जल संकट काफी हद तक खत्म हो जाएगा और आने वाले दिनों में कृषि उत्पादन भी बढ़ेगा.

