गम्हरिया: सोमवार देर शाम क्षेत्र के बलरामपुर एनकेएस मैदान के पास अपराधियों ने जुगसलाई निवासी राज पात्रो उर्फ राज बच्चा पर जानलेवा हमला करने की नीयत से गोली चलाई. गोली उसके बगल से निकल गई और वह बाल- बाल बच गया.

इस घटना में डीवीसी मोड़ के डब्बू श्रीवास्तव, एनकेएस मैदान के ऋषु ठाकुर, विशाल समेत कई अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं.
बताया जाता है कि सभी अपराधिक इतिहास वाले हैं और टायो समेत अन्य कंपनियों में लोहे की चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं. सूत्रों के अनुसार चोरी के लोहे के पैसों के बंटवारे को लेकर राज पात्रो और आरोपियों के बीच विवाद चल रहा था. इसी विवाद के कारण उसे रास्ते से हटाने के लिए गोली चलाई गई. घटना की जानकारी मिलते ही गम्हरिया पुलिस सक्रिय हो गई और ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी.
सूत्रों के मुताबिक गम्हरिया पुलिस ने डब्बू श्रीवास्तव, ऋषु ठाकुर और विशाल को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. हालांकि गम्हरिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक ने गिरफ्तारी की पुष्टि से इंकार किया है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और बहुत जल्द सच्चाई सामने आएगी. वैसे लंबे समय से गम्हरिया थाना क्षेत्र में शांति का माहौल था मगर सोमवार की घटना ने क्षेत्र में एक नई बहस छेड़ दी है. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि पुलिस मामले में क्या खुलासा करती है.

