सरायकेला: मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए जिला प्रशासन ने एक विक्षिप्त महिला की सहायता के लिए त्वरित कदम उठाया है. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए महिला को तत्काल उचित चिकित्सा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. यह कार्रवाई 19 नवंबर को गम्हरिया क्षेत्र में भ्रमण के दौरान महिला के देखे जाने के बाद शुरू की गई.

उपायुक्त के निर्देश मिलते ही जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, जिला टास्क फोर्स और सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर महिला को रेस्क्यू किया. इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सा टीम ने आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा और देखभाल प्रदान की.

अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश के बाद महिला को बेहतर मानसिक स्वास्थ्य उपचार के लिए रिनपास (RINPAS) रांची रेफर कर दिया गया है. जिला प्रशासन का यह प्रयास मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और बेसहारा व्यक्तियों के पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे लोगों की पहचान होने पर तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचित करें ताकि उन्हें समय पर सहायता मिल सके. इस पहल का उद्देश्य मानसिक रूप से अस्वस्थ और बेसहारा लोगों को न केवल उपचार दिलाना है, बल्कि उन्हें पुनः समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का मार्ग भी प्रदान करना है.

