आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai अटल पॉर्क में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत काशीडीह किफायती आवास परियोजना के 209 आवास का आवंटन बुधवार को ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया. पूर्व में आवंटित 780 आवासों में से जिन लाभुकों ने समय पर किस्त का भुगतान नहीं किया था, उनका आवंटन रद्द कर दिया गया था. नए आवंटन के दौरान दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को भूतल पर आवास उपलब्ध कराया गया.

पिछली लॉटरी की प्रतीक्षा सूची में शामिल लाभुकों को भी इस बार प्राथमिकता दी गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश ने की. उप नगर आयुक्त श्रीमती पारूल सिंह ने आवास योजना और ई-लॉटरी प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी लाभुकों को दी. लाभुकों ने कार्यक्रम के दौरान अपनी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया. आवास मिलने के बाद सभी लाभुकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली. प्रत्येक आवास में एक कमरा, होल, लैटरिन, बाथरूम और किचन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. परियोजना परिसर में सड़क, नाली, बिजली, पानी, स्ट्रीट लाइट, पार्क, मंदिर और पार्किंग सहित सभी आधारभूत सुविधाएँ सुनिश्चित की गई हैं.
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त विपुल सन्नी, योजना के नोडल अधिकारी कुलदीप सिंह, एमआईएस विशेषज्ञ कोर्नेलियस इन्दवार, कार्यालय सहायक राहुल कुमार और सुलेन टुडू उपस्थित रहे.

