सरायकेला/ Rasbihari Mandal जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में मोटरसाईकिल चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. गौरतलब है कि मुड़ियापाड़ा निवासी संजय देव सरदार की दो मोटरसाईकिलें राजनगर बाजार से चोरी हो गई थीं. शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और जांच के आधार पर एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मनसा महतो के रूप में हुई है, जो नावाडीह, थाना सरायकेला का निवासी है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाईकिल (JH05CK 8238) को नामिवेडा तालाब, राजनगर से बरामद किया. वहीं दूसरी मोटरसाईकिल (JH 22G 2072), जिसका इस्तेमाल चोरी के दौरान किया गया था, कृष्णापुर (थाना आरआईटी) से बरामद की गई.
पुलिस के अनुसार, इस चोरी में और भी अभियुक्त शामिल हो सकते हैं. उनकी तलाश में छापामारी जारी है. पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है. छापामारी टीम में थाना प्रभारी चंचल कुमार, अनुसंधानकर्ता नदजी राम गोड, पुलिसकर्मी दिवाकर प्रसाद वर्मा एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और अपराध पर नियंत्रण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है.

