चांडिल: Vikash Thakurअनुमंडल क्षेत्र में शनिवार को धरती आबा बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस पर व्यापक उत्साह देखने को मिला. इस अवसर पर ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने भादुडीह, हुमीद, बड़ालाखा, बिहार स्पोंज आयरन, काटीया, ब्लॉक मैदान और छोटालाखा सहित कई स्थानों पर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.

विधायक सविता महतो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और आत्मसम्मान का प्रतीक है. आज के दिन ही उनका जन्म हुआ था और इसी दिन झारखंड अलग राज्य का गठन भी हुआ था. उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा के दिखाए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.

स्थापना दिवस पर आयोजित विभिन्न खेलकूद कार्यक्रमों और फुटबॉल प्रतियोगिताओं में भी विधायक शामिल हुईं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. काटीया स्टेडियम तथा ईचागढ़ प्रखंड के छोटा आमड़ा में आयोजित प्रतियोगिताओं में उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय नेता चारुचांद किस्कु, ओमप्रकाश लायेक, काबलु महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, धर्मु गोप, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, अर्जुन सिंह मुंडा, यसमीन टुडू सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

