नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण विस्फोट को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार देर शाम प्रेस बयान जारी किया. उन्होंने बताया कि यह घटना शाम करीब 7 बजे हुई, जब एक हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ.

गृह मंत्री ने कहा, विस्फोट के कारण 3 से 4 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं. कई लोग घायल हुए हैं और कुछ लोगों की मौत भी हुई है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायलों का इलाज चल रहा है.
उन्होंने आगे कहा, हमने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच शुरू कर दी है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, NIA टीम, SPG टीम और FSL टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई हैं और तेजी से जांच कर रही हैं. FSL की वरिष्ठ टीम भी मौके पर मौजूद है.
अमित शाह ने बताया कि विस्फोट की खबर मिलते ही उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोन आया. उन्होंने कहा, मैंने घटना की प्रारंभिक जानकारी लेकर प्रधानमंत्री को विस्तृत रिपोर्ट दी. इसके बाद मैं स्वयं घटनास्थल का दौरा करने जा रहा हूं.
गृह मंत्री ने यह भी कहा कि मंगलवार सुबह गृह मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें सभी जांच एजेंसियों की रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा की जाएगी.
उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

