जमशेदपुर: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले सियासी सरगर्मी अपने चरम पर है. मतदान से महज कुछ घंटे पहले भाजपा ने सत्तारूढ़ दल झामुमो पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

बीजेपी के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सोमवार देर शाम एक वीडियो संदेश जारी कर झामुमो नेताओं पर रात के अंधेरे में पैसे बांटने का आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि संथाल परगना की एक महिला विधायक मुसाबनी के सोमाडीह और कालिंदी बस्ती सहित कई इलाकों में प्रशासनिक सहयोग से मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रही हैं.
आदित्य साहू ने निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि चुनाव की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए ऐसे नेताओं को चिन्हित कर सख्त कदम उठाया जाए.
वहीं दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भी राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त को शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस संबंध में जमशेदपुर एसएसपी से संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका फोन स्विच ऑफ पाया गया.
चुनाव से पहले इस तरह के आरोप- प्रत्यारोप से घाटशिला उपचुनाव का माहौल और गर्मा गया है. ऐसे में निष्पक्ष चुनाव और प्रशासन की भूमिका कटघरे में है. हालांकि प्रशासन का दावा है कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है.
बाईट
आदित्य साहू (प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष- बीजेपी)

