नई दिल्ली: सोमवार शाम राजधानी दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में हुए भीषण विस्फोट से अफरातफरी मच गई. विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास खड़ी तीन से चार गाड़ियों में आग लग गई और वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं.

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की सात गाड़ियां, पुलिस की कई टीमें, और स्पेशल सेल के अधिकारी मौके पर पहुँचे. आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों ने लगातार प्रयास किया.
विस्फोट के बाद मौके पर चीख- पुकार मच गई. घायलों को तत्काल एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि कुल 15 लोगों को लाया गया, जिनमें से 8 लोगों की मौत अस्पताल पहुँचने से पहले ही हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. एक व्यक्ति की स्थिति फिलहाल स्थिर है.
घटना के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, एफएसएल टीम, और इंटेलिजेंस एजेंसियों ने घटनास्थल को घेर लिया है और जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोट गैस लीक, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से हुआ.
फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. सुरक्षा कारणों से लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है.

