चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में गुरुवार को जिला दंडाधिकारी- सह- उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में नियुक्ति संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनीला खलको, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सविता टोपनो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में मनरेगा अंतर्गत संविदा आधारित प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, तकनीकी सहायक, लेखा सहायक, कंप्यूटर सहायक व ग्राम रोजगार सेवक के रिक्त पदों तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत प्रखंड समन्वयक एवं लेखापाल- सह- कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति से संबंधित प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा हुई.
जानकारी के अनुसार, मनरेगा के तहत कुल 11 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जानी है- जिनमें 1 प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, 4 तकनीकी सहायक, 2 लेखा सहायक और 4 कंप्यूटर सहायक के पद शामिल हैं. इन पदों के लिए 811 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें स्क्रूटनी और दावा- आपत्ति के बाद 502 अभ्यर्थियों को दक्षता परीक्षा के लिए सूचीबद्ध किया गया है.
इसी प्रकार ग्राम रोजगार सेवक के 23 पदों के विरुद्ध 1832 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें दस्तावेज़ सत्यापन के उपरांत 677 अभ्यर्थी योग्य पाए गए हैं. वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत प्रखंड समन्वयक के 4 पदों पर 136 आवेदन आए, जिनमें से 98 उम्मीदवारों को दक्षता परीक्षा के लिए चुना गया है. लेखापाल- सह-कंप्यूटर ऑपरेटर के 7 पदों पर 29 आवेदन मिले, जिनमें 14 अभ्यर्थी परीक्षा हेतु योग्य पाए गए हैं.
बैठक के दौरान उपायुक्त ने मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत प्रस्तुत सभी दस्तावेजों का अवलोकन किया और दक्षता परीक्षा के पारदर्शी संचालन के लिए दिशा- निर्देश दिए. साथ ही परीक्षा स्थल, तिथि और समय निर्धारण, पर्यवेक्षकों की नियुक्ति, मूल्यांकन दल के गठन तथा टंकण परीक्षा के लिए अलग समिति गठन पर भी चर्चा की गई.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
