गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र स्थित सिरहे गांव में सोमवार देर रात एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया. गांव के लोगों ने एक प्रेमी युगल को आपत्तिजनक हालत में पकड़ने के बाद दोनों की शादी करा दी. महिला पहले से शादीशुदा थी और एक बच्ची की मां भी है.

जानकारी के अनुसार, सिरहे गांव निवासी माया देवी का पिछले एक वर्ष से पलामू जिले के कबरा कला गांव के सतीश नामक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया जाता है कि सोमवार देर शाम सतीश माया देवी के ससुराल पहुंच गया. रात के समय दोनों को ग्रामीणों ने संदिग्ध अवस्था में देख लिया. इसके बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए और हंगामा शुरू हो गया.
ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ने के बाद गांव में पंचायत बुलाई. पंचायत में यह तय किया गया कि महिला लंबे समय से युवक के संपर्क में है, इसलिए दोनों की शादी ही इसका एकमात्र समाधान है. मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दोनों की गांव के लोगों की मौजूदगी में शादी करा दी गई.
शादी के बाद जब विदाई की बारी आई, तो ग्रामीणों ने अनोखा दृश्य पेश किया. उन्होंने प्रेमी सतीश की जमकर पिटाई कर दी. ग्रामीणों का कहना था कि गांव की मर्यादा के खिलाफ आचरण करने की सजा मिलनी चाहिए.
वहीं, प्रेमिका माया देवी ने कहा कि वह और सतीश एक वर्ष पूर्व पलामू घूमने गए थे, जहां उनकी मुलाकात हुई थी. उसी दौरान दोनों के बीच प्यार हो गया और अब वह सतीश के साथ ही अपना जीवन बिताना चाहती है.
गांव वालों ने इस पूरे मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी है. घटना के बाद पूरे इलाके में इस अनोखी शादी की चर्चा बनी हुई है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
