गम्हरिया: नालसा व झालसा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार सरायकेला के निर्देश पर गम्हरिया प्रखंड के प्रखंड संसाधन केंद्र में जन्म निबंधन शिविर का आयोजन किया गया. इस दौरान विभिन्न कारणों से वंचित बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र हेतु आवेदन भरे गए.

कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुब्रतो महतो, बीपीओ रेखा कुमारी, बीआरपी एमके. महतो, सीआरपी, एमआईएस कोऑर्डिनेटर सहित कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे. पीएलवी सह अधिकार मित्र संजीव कुमार महतो, कुमुद रंजन महतो, रीता महतो, अरुण कुमार महतो, अमन महतो, अनिता मिश्रा, रासमनी महतो, मुकेश कुमार मिश्रा और रुपाली पति ने बताया कि यह कार्यक्रम झालसा एवं डालसा के निर्देशानुसार आयोजित किया गया है.

शिविर का उद्देश्य उन बच्चों की सहायता करना है जो जन्म प्रमाणपत्र से वंचित हैं, ताकि उन्हें आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराया जा सके. अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी को आगे भी समस्या होती है तो वह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पारा लीगल वॉलंटियर या अधिकार मित्र से संपर्क कर सहयोग प्राप्त कर सकते हैं.
गांवों और कस्बों में कई गरीब और असहाय लोग रहते हैं जो जागरूकता के अभाव में अपने बच्चों का जन्म प्रमाणपत्र नहीं बनवा पाते हैं. ऐसे लोगों को सुविधा देने और उनकी परेशानी दूर करने के लिए झालसा और डालसा की ओर से यह विशेष शिविर आयोजित किया गया है.
कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यालय के अन्य पदाधिकारी, ग्रामीण और शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित थे. शिविर को सफल बनाने में सभी पदाधिकारियों और अधिकार मित्रों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा.

