कांड्रा/ Bipin Varshney श्री श्री सार्वजनिक काली पूजा कमिटी, न्यू यूथ क्लब कांड्रा बाजार की ओर से गुरुवार की रात एक भव्य संध्या जागरण का आयोजन किया गया. यह आयोजन काली पूजा के पावन अवसर पर किया गया, जिसमें आसपास के गांवों और इलाकों से भारी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक उमड़ पड़े. पूरे कांड्रा बाजार क्षेत्र में धार्मिक माहौल व्याप्त हो गया.

जागरण का संचालन एके क्रिएटिव ग्रुप के कलाकारों द्वारा किया गया, जिन्होंने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों, देवी स्तुतियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. मंच पर प्रस्तुत आकर्षक झांकियों, नृत्य नाटिकाओं और भक्तिमय गीतों ने वातावरण को आध्यात्मिकता से भर दिया. दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया.
पूरे कार्यक्रम स्थल को रोशनी, पुष्प सजावट और देवी प्रतिमाओं के भव्य श्रृंगार से सजाया गया था. मंच पर सुंदर देवी दरबार की झांकी सजाई गई थी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही.
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू तथा विशिष्ट अतिथि विधायक सरयू राय के प्रतिनिधि धर्मेन्द्र प्रसाद, जितेन्द्र पाल सिंह और बाबू दास उपस्थित हुए. कांड्रा थाना प्रभारी ने कमिटी द्वारा किए गए अनुकरणीय आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि “ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भक्ति और सांस्कृतिक भावना को मजबूत करते हैं.” उन्होंने कमिटी अध्यक्ष बप्पा पात्रो एवं सभी सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी.

कार्यक्रम में स्थानीय समाजसेवी, व्यापारी, महिला मंडल एवं युवा वर्ग की उपस्थिति उल्लेखनीय रही. देर रात तक चले इस जागरण में श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे.
कमिटी अध्यक्ष बप्पा पात्रो ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि “न्यू यूथ क्लब हर वर्ष भव्य और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि कांड्रा की सांस्कृतिक परंपरा और धार्मिक आस्था को आगे बढ़ाया जा सके.” कार्यक्रम के समापन पर देवी आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया.

