चाईबासा: पूर्व मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि “पीठ पीछे वार करने वालों का असली चेहरा झारखंड की जनता के सामने आ चुका है.” उन्होंने कहा कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र की जनता उपचुनाव में ऐसे लोगों को सबक सिखाएगी.

चाईबासा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मिथिलेश ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि “चंपाई सोरेन को झामुमो ने जो सम्मान दिया, वह उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा होगा, लेकिन उन्होंने पार्टी को तोड़कर भाजपा में विलय की साजिश रची.”
श्री ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने उन्हें ‘तोप’ समझकर अपने साथ जोड़ा था, लेकिन वे पूरी तरह असफल साबित हुए. उन्होंने दावा किया कि घाटशिला उपचुनाव में जनता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि के रूप में झामुमो को जीत दिलाने का मन बना चुकी है. “धन बल पर जन बल भारी पड़ेगा और विपक्ष के प्रत्याशी की जमानत जप्त हो जाएगी,” बिहार में महागठबंधन में तरजीह नहीं देने के सवाल पर उन्होंने कहा. “झारखंड मुक्ति मोर्चा नीति और सिद्धांत पर चलने वाली पार्टी है. गठबंधन धर्म का हमने हमेशा पालन किया, लेकिन साथियों ने हमें धोखा दिया. हमारी दावेदारी को नजरअंदाज किया गया. अब केंद्रीय नेतृत्व इसकी समीक्षा करेगा और उचित समय पर सटीक निर्णय लिया जाएगा.”
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन में झामुमो को एक भी सीट न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है. “हमें झूठे आश्वासन दिए गए. हमारे साथ अन्याय हुआ है, लेकिन हम धैर्यपूर्वक आगे की रणनीति पर विचार कर रहे हैं. “

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
