सरायकेला/ Pramod Singh जिले में तैनात डायल 112 के आरक्षी ताजुद्दीन मियां की गुरुवार तड़के अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. वे लगभग 45 वर्ष के थे. इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है.

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक आरक्षी मूल रूप से आगरडीह वैद्यमारा, बोकारो के निवासी थे और सरायकेला के राजबांध इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे. बुधवार को दिन में उन्होंने अपनी ड्यूटी पूरी की और शाम को घर लौट आए थे.

रात को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. गुरुवार सुबह करीब 4 बजे वे अचेत हो गए. परिजनों ने तुरंत पुलिस विभाग को सूचना दी और उन्हें सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. फिलहाल प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, उनकी मौत हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) से हुई बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया. साथी कर्मियों ने बताया कि ताजुद्दीन मियां एक ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी थे, जो हमेशा ड्यूटी पर तत्पर रहते थे.
उनके निधन से पुलिस बल में गहरा शोक व्याप्त है. विभागीय सूत्रों के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है.

