चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के रुगड़ी गंव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने एक तालाब में अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ देखा. शव दिखाई देते ही गांव में अफरा- तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी.


सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना प्रभारी बिक्रमादित्य पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को तालाब से बाहर निकलवाया और घटनास्थल का मुआयना किया. इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है. महिला के शरीर की हालत को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि शव 6 से 7 दिन पुराना हो सकता है. लंबे समय तक पानी में रहने के कारण चेहरा और शरीर फूल जाने से महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है.
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. आशंका है कि महिला की हत्या कर उसके शव को छुपाने के उद्देश्य से तालाब में फेंका गया होगा. हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जा सकेगी.
पुलिस ने आसपास के थानों और गुमशुदगी दर्ज रजिस्टरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि मृतका की पहचान की जा सके. साथ ही रुगड़ी गाँव और आसपास के इलाकों के लोगों से यह पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है कि हाल के दिनों में किसी महिला के लापता होने की सूचना तो नहीं मिली थी.
घटना को लेकर ग्रामीणों में भय और जिज्ञासा का माहौल है. लोग तरह- तरह की चर्चाएं कर रहे हैं. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के इलाके की तलाशी तेज कर दी है और सभी पहलुओं से जांच में जुट गई है. फिलहाल पुलिस ने मामला संदिग्ध मौत के रूप में दर्ज किया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान की पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

