सरायकेला: मंगलवार को पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर सरायकेला पुलिस केंद्र स्थित शहीद स्मारक परिसर में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान पुलिस अधीक्षक सरायकेला- खरसावां मुकेश कुमार लुणायत सहित जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने अपने कर्तव्यपालन के दौरान शहीद हुए जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए.


कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट के मौन रखकर शहीद पुलिसकर्मियों की याद में श्रद्धांजलि देने से हुई. इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और कहा कि “राज्य और देश की आंतरिक सुरक्षा में पुलिस बल का योगदान अमूल्य है. हमारे कई जवानों ने जनता की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता.”

इस अवसर पर सभी डीएसपी थानेदारों, पुलिस कर्मियों और जवानों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम स्थल पर शहीदों के नामों को पढ़ा गया और उनके परिजनों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया.

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस संस्मरण दिवस न केवल शहीदों को याद करने का दिन है, बल्कि यह हम सभी को उनके आदर्शों और समर्पण की भावना से प्रेरणा लेने का अवसर भी प्रदान करता है.

कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों ने शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और पुलिस बल के मनोबल को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया.

