रांची: राजधानी रांची में शनिवार देर रात कांके- पिठोरिया रोड स्थित शेफ चौपाटी रेस्टोरेंट के संचालक विजय कुमार की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि विवाद वेज बिरयानी की जगह नॉनवेज बिरयानी दिए जाने को लेकर हुआ था.

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल विजय कुमार को रिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूत्रों के अनुसार कुछ ग्राहक रेस्टोरेंट में बिरयानी ऑर्डर करने पहुंचे थे. उन्होंने वेज बिरयानी की मांग की थी, लेकिन कथित रूप से नॉनवेज बिरयानी परोसी गई. इसी बात को लेकर बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. इसके बाद अपराधियों ने रेस्टोरेंट के बाहर विजय कुमार को गोलियों से भून डाला और मौके से फरार हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर कांके थाना प्रभारी दल- बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए राजधानी के प्रवेश और निकास मार्गों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया गया. इसी बीच रविवार रात कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुटू स्थित आईटीबीपी कैंप के पास अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई. मुठभेड़ में मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह को गोली लगी है. उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

