हजारीबाग: रविवार की सुबह अचानक गोलियों की आवाज से अफरातफरी मच गई. टाउन रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात अपराधियों ने कटकमदाग निवासी उमेश प्रजापति पर गोली चला दी. बताया जा रहा है कि उमेश दूध बांटकर घर लौट रहे थे, तभी उन पर हमला हुआ.

गोली लगने से उमेश गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आरोग्यम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अमित कुमार, एसडीपीओ अमित आनंद सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन छापेमारी शुरू कर दी है. परिजनों का कहना है कि इस हमले के पीछे जमीनी विवाद की आशंका है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है.
इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और प्रशासन को सख्त कदम उठाने की जरूरत है. फिलहाल पूरा हजारीबाग इस घटना को लेकर चर्चा में है और लोग पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं.

