बांका: जिले के अमरपुर शहर में शुक्रवार की शाम एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान दर्दनाक घटना घट गई. जहां इंजेक्शन देने के कुछ ही देर बाद 10 माह के मासूम की मौत हो गई. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों ने क्लीनिक परिसर में जमकर हंगामा किया.

मृतक बच्चे की पहचान तारड़ीह निवासी मिथुन रजक के पुत्र आदर्श कुमार (10 माह) के रूप में हुई है. परिजन निरंजन रजक ने बताया कि पिछले पांच दिनों से वे अपने बच्चे का इलाज डॉ. अंजनी मिश्रा के निजी क्लीनिक में करा रहे थे. शुक्रवार को इलाज के दौरान बच्चे को इंजेक्शन दिया गया, जिसके कुछ ही मिनटों बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई.
परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया. उनका कहना है कि इंजेक्शन देने के बाद भी डॉक्टर और स्टाफ ने तुरंत कोई कदम नहीं उठाया. घटना के बाद डॉक्टर और क्लीनिक का कंपाउंडर मौके से फरार हो गए. गुस्साए लोगों ने क्लीनिक के बाहर नारेबाजी की और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. हालांकि, कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण बना रहा. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और डॉक्टर से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है. घटना के बाद से पूरे अमरपुर इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है.

