जमशेदपुर: जुगसलाई गोलीकांड के मुख्य आरोपी राज को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि आरोपी के पास से एक पिस्टल बरामद की गई है.

दरअसल, 12 अक्टूबर की रात जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिलतनगर स्थित जावेद होटल के पास आपसी रंजिश में गोलीबारी की घटना हुई थी. इस दौरान शब्बू टाल मालिक के पुत्र समीर सैफ और अल्तमश पर राज और उसके सहयोगियों ने 3 से 4 राउंड फायरिंग की थी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी.
मामले की शिकायत दर्ज होने के बाद से ही पुलिस राज की तलाश में जुटी हुई थी. लगातार छापेमारी के बाद आखिरकार जुगसलाई पुलिस ने राज को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया.
फिलहाल पुलिस आरोपी से थाने में पूछताछ कर रही है. इस घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

