धनबाद: झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात एक खौफनाक हादसा हुआ. जहां लोहा चोरी के इरादे से सेल (SAIL) के पुराने रोपवे पर चढ़े तीन युवकों में से एक की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई. जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में इलाज जारी है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक देर रात पत्थर डंपिंग क्षेत्र के पास रोपवे से लोहा काट रहे थे. इसी दौरान तार के करंट की चपेट में आने और संतुलन बिगड़ने से एक युवक नीचे गिर पड़ा. वह मौके पर ही दम तोड़ गया, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए. तीनों युवक झरिया के बनियाहीर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

घटना की सूचना मिलते ही सुदामडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ महीनों से इस क्षेत्र में लोहा चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. कई बार चेतावनी के बावजूद चोर रात के अंधेरे में रोपवे और फैक्ट्री परिसर से लोहा काटने पहुंच जाते हैं. लोगों ने प्रशासन से सख्त निगरानी और नियमित गश्ती की मांग की है.

