जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले के नारायणपुर प्रखंड में मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत प्रस्तावित सड़क मरम्मत कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है. गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे (बरियारपुर) पर 2.65 किलोमीटर सड़क निर्माण का बोर्ड अगस्त 2024 में ही लगा दिया गया था, जिसका शिलान्यास तत्कालीन मंत्री इरफान अंसारी ने किया था. लेकिन करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कार्य स्थल पर एक ईंट तक नहीं रखी गई है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है.

ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ “चुनावी स्टंट” साबित हुआ है, क्योंकि सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है. बरियारपुर से पोस्ता पीडब्लूडी तक की सड़क जर्जर है, और बरसात में यहां जलजमाव की स्थिति बनी रहती है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी होती है.
विभागीय सूत्रों के अनुसार, सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य धनबाद की एक निर्माण कंपनी को सौंपा गया है, जिसे नाला, जामताड़ा और नारायणपुर प्रखंडों की कुल 25 सड़कों की मरम्मत का कार्य विभिन्न पैकेजों में दिया गया है. विभागीय कनीय अभियंता अंकित कुमार ने बताया कि नाला और जामताड़ा क्षेत्र में अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, जबकि नारायणपुर में जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा. देरी का कारण एक ही कंपनी को कई पैकेज मिलने को बताया जा रहा है.
वहीं, कंपनी के एक प्रतिनिधि ने स्वीकार किया कि फंड की कमी के कारण कार्य में विलंब हुआ है, लेकिन जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया.
इस बीच स्थानीय मुखिया वीरेंद्र प्रताप हेंब्रम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि “एक साल से बोर्ड लगा है, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ. बरसात में सड़क तालाब बन जाती है. प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए.”

