सीतामढ़ी: जिले के पुपरी थाना क्षेत्र के बलहा मकसूदन गांव में मुखिया चुनाव से पूर्व की पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. हमलावरों ने धारदार हथियार और लोहे की रॉड से लैस होकर एक घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया.

हमलावरों ने केवल घर पर हमला नहीं किया, बल्कि पीड़ितों को घर से बाहर खींचकर सड़क पर दौड़ा- दौड़ाकर पीटा. इस हमले में चाचा नरेश राय और भतीजा संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को बेहोशी की हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों के बयान दर्ज किए. इसके बाद मामला स्थानीय पुपरी थाना को अग्रसारित कर दिया गया. नगर थाना सदर पीकेट प्रभारी सोहित यादव ने बताया कि सभी बयान दर्ज कर स्थानीय थाना भेज दिए गए हैं और मामले की जांच जारी है.

