जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले से निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है. जहां गुरुवार को काको प्रखंड में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर सतीश कुमार को तीन हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी पर जमीन के दाखिल- खारिज के एवज में पंद्रह हजार रुपये घूस मांगने का आरोप है.

निगरानी विभाग के डीएसपी ने बताया कि खालिसपुर निवासी नीरज कुमार ने विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में कहा गया था कि डाटा ऑपरेटर सतीश कुमार जमीन के दाखिल- खारिज के लिए पंद्रह हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है. शिकायत की सत्यता की जांच के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया. गुरुवार को तीन हजार रुपये की पहली किश्त लेते ही टीम ने सतीश कुमार को कार्यालय से रंगेहाथ पकड़ लिया.
शिकायतकर्ता नीरज कुमार ने बताया कि वे कई महीनों से अपने जमीन के दाखिल- खारिज के लिए कार्यालय का चक्कर काट रहे थे. फरवरी से लगातार अधिकारी उन्हें टालते रहे. थककर उन्होंने निगरानी विभाग में शिकायत की. सत्यापन के बाद कार्रवाई की गई.
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम ने आरोपी से पूछताछ की और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटना लेकर रवाना हो गई. इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मचा है.

