जामताड़ा/ Yogesh Kumar झारखंड सरकार के खिलाफ आदिवासी संगठनों का आक्रोश सोमवार को जामताड़ा जिला मुख्यालय में देखने को मिला. देशमांझी परगना बाईसी समिति, सांवता सुसार आखड़ा तथा अन्य आदिवासी सामाजिक संगठनों के संयुक्त बैनर तले विशाल जनआक्रोश रैली निकाली गई. रैली में कुड़मी समाज को आदिवासी दर्जा देने के प्रयासों का विरोध करते हुए सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई.

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कुड़मी समाज द्वारा हाल में आयोजित “रेल रोको” आंदोलन में आदिवासी दर्जा देने की जो मांग की गई थी, वह ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से गलत है. इसके विरोध में आदिवासी समाज अब एकजुट होकर मैदान में उतर आया है. इस दौरान समाजसेवी सूर्य हांसदा के कथित फर्जी एनकाउंटर की सीबीआई जांच की भी मांग की गई.
इस आंदोलन का नेतृत्व सांवता सुसार आखड़ा समिति के अध्यक्ष मंगल सोरेन, देशमांझी परगना बाईसी समिति के अध्यक्ष जगदीश मुर्मू, सिदो- कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष डॉ. श्यामदेव हेंब्रम और मुख्य सलाहकार सुनील हेंब्रम ने किया. नेताओं ने कहा कि आदिवासी समाज की अपनी भाषा, संस्कृति, पूजा-पद्धति और परंपराएं हैं, जिनसे कुर्मी समाज का कोई संबंध नहीं है. इसलिए आदिवासी दर्जा देने की मांग का हम पुरज़ोर विरोध करते हैं.

डॉ. श्यामदेव हेंब्रम ने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार ने आदिवासी समाज की मांगों की अनदेखी की, तो झारखंड की सभी राजनीतिक पार्टियों का बहिष्कार किया जाएगा और बालू- कोयला कारोबार पर रोक लगा दी जाएगी.
प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान स्थित सिदो- कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई. इसके बाद रैली टॉवर चौक, स्टेशन रोड और दुमका रोड होते हुए समाहरणालय स्थित शिशु बागान मैदान पहुंची, जहां एक जनसभा का आयोजन किया गया और अंत में राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा गया.कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की सतर्कता से कानून व्यवस्था बनी रही और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. हालांकि, आदिवासी समाज की एकजुटता और सरकार के प्रति नाराज़गी पूरे कार्यक्रम में स्पष्ट रूप से झलकी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
