सरायकेला/ Pramod Singh विजयादशमी के अवसर पर गुरुवार को सरायकेला के विभिन्न पूजा पंडालों में सिंदूर खेला का आयोजन किया गया. इस दौरान सुहागिन महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर एक-दूसरे को सिंदूर लगाया और विजयादशमी की शुभकामनाएं दी. सिंदूर खेला में सरायकेला एसडीओ निवेदिता नियति और प्रखंड विकास पदाधिकारी यश्मिका सिंह भी शामिल हुईं. बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर माहौल को और भी उल्लासमय बना दिया.

महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित करने के बाद आपसी सौहार्द और समृद्धि की कामना की. परंपरा के अनुसार महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर शक्ति और मंगलकामना का संदेश दिया.
इधर गुरुवार को विजयादशमी पड़ने की वजह से सरायकेला के पांच पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शुक्रवार को किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान विधि- व्यवस्था की जिम्मेदारी सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने संभाली, जिससे पूरा आयोजन शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ.

