राजनगर/ Rasbihari Mandal श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति राजनगर द्वारा ब्लॉक मैदान में बनाए गए आकर्षक और भव्य पूजा पंडाल ने इस वर्ष श्रद्धालुओं का मन मोह लिया है. महाष्टमी के अवसर पर न केवल राजनगर बल्कि आसपास के प्रखंडों से भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और माता दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई.

पूजा समिति के अध्यक्ष दिलीप राऊत ने बताया कि वर्ष 1964 से समिति द्वारा मां दुर्गा की पूजा का आयोजन किया जा रहा है. प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी पंडाल को भव्य स्वरूप दिया गया है, जिसे देखने ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं.

पूजा अनुष्ठान के दौरान फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है. वहीं रात्रि बेला में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चल रही है. महा नवमी की रात आदिवासी ड्रामा और विजयादशमी के अवसर पर रावण दहन का आयोजन किया जाएगा. इसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
इस बार पूजा में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चम्पई सोरेन की उपस्थिति होगी. आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष दिलीप राऊत, उपाध्यक्ष विरेंद्र दास, सचिव अनिल कुमार राऊत, उप सचिव शुभम राऊत, कोषाध्यक्ष नरेंद्र महतो सहित कई सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा.

