सरायकेला: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभा कक्ष में जिले के बालू स्टॉक यार्ड संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी, खान निरीक्षक समीर कुमार ओझा एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.

बैठक में स्टॉक यार्ड संचालकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में उत्पन्न समस्याओं, उनके समाधान तथा विधिसम्मत बालू उठाव एवं विक्रय से संबंधित सुझावों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई. ईचागढ़ क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न बालू स्टॉक यार्ड संचालकों ने बताया कि वैध परमिट होने के बावजूद थाना स्तर पर वाहनों को अनावश्यक रूप से रोका जाता है, जिससे वाहन मालिकों एवं चालकों के बीच असुरक्षा और भय की स्थिति उत्पन्न होती है. इस पर उपायुक्त ने संचालकों को आश्वस्त किया कि उठाई गई समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा. उन्होंने कहा कि विधिसम्मत बालू उठाव एवं परिवहन को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है.
साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि स्टॉक यार्ड संचालक आमजन को बालू की उपलब्धता सुगम और उचित दरों पर सुनिश्चित करें, ताकि जिलेवासियों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े. उपायुक्त ने संचालकों को यह भी निर्देश दिया कि भविष्य में यदि किसी प्रकार की समस्या या परिस्थिति उत्पन्न होती है तो वे तत्काल जिला खनन पदाधिकारी अथवा जिला खनन टोल फ्री नंबर 1800-345-6532 पर सूचना दें, ताकि शीघ्र निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
