कांड्रा/ Bipin Varshney थाना अंतर्गत पदमपुर में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. तेज़ रफ्तार एलपीटी ट्रक ने हैवी ड्यूटी टू-व्हीलर पर सवार कांड्रा निवासी सुल्तान मिर्जा को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद सुल्तान मिर्जा बगल से गुजर रहे दूसरे ट्रक में जा भिड़े.

दुर्घटना में सुल्तान मिर्जा को सिर पर गंभीर चोट लगी और उनका हाथ बुरी तरह फट गया. घटना के बाद दोनों ट्रक चालक भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन नज़दीक में जांच कर रही ट्रैफिक पुलिस ने दोनों वाहनों को रोक लिया और थाना पुलिस को सूचना दी.
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल नज़दीकी अस्पताल ले जाया गया. इधर, सूचना पाकर कांड्रा थाना पुलिस भी मौके पर पहुँची और दोनों ट्रक चालकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी. घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने तेज़ रफ्तार वाहनों पर रोक और सड़क सुरक्षा के कड़े प्रावधान लागू करने की मांग की.

