गम्हरिया: थाना अंतर्गत टाटा-कांड्रा मेन रोड पर छोटा गम्हरिया स्थित शहीद सुनील महतो के समाधि स्थल के सामने सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे भटक रही महिला भिक्षुक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अक्सर इस क्षेत्र में घूमती दिखाई देती थी. हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने गम्हरिया थाना पुलिस को सूचना दी. खबर मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस को बुलाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह- सुबह भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. यह हादसा एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण की जरूरत पर गंभीर सवाल खड़ा करता है.

