चांडिल/ Afroz Mallik थाना क्षेत्र के चिलगु- शहरबेड़ा बंद पुल के समीप मंगलवार रात लगभग 9 बजे एक सड़क दुर्घटना में खेजुरडीह निवासी शिक्षक प्रशांत मार्दी एवं उनके साथी मरंगबुरु हेम्ब्रोम घायल हो गए. दोनों किसी कार्य से जा रहे थे तभी अचानक हादसा हो गया.

सूचना मिलते ही समाजसेवी शेखर गांगुली घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल चिलगु स्थित महतो पॉली क्लीनिक ले जाकर इलाज करवाया. डॉक्टरों के अनुसार दोनों को प्राथमिक उपचार दिया गया. स्थानीय लोगों ने कहा कि शेखर गांगुली की तत्परता से घायलों को समय पर इलाज मिल सका जिससे बड़ी अनहोनी टल गई.
जानकारी देते हुए समाजसेवी शेखर गांगुली ने बताया कि शिक्षक और उनके मित्र का इलाज करवाकर उनके परिवार वालों को सूचना दे दी गई है. परिवार वाले आकर दोनों को घर ले गए हैं. हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और प्रशासन से उचित कदम उठाने की मांग की.

