चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड कार्यालय में झारोटेफ द्वारा 20 सितंबर को होने वाले कर्मचारी संकल्प महासम्मेलन को सफल बनाने के लिए शिक्षकों ने बैनर और पोस्टर लगाकर प्रचार किया. रांची में आयोजित होने वाले इस महासम्मेलन में अधिक से अधिक शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.

शिक्षक संघ के अध्यक्ष जयकिशन प्रधान ने कहा कि 20 सितंबर 2025 को केवल अपनी आवाज बुलंद करने नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ इतिहास लिखने चलना है. हमारा संघर्ष किसी व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि पूरे शिक्षक समाज और आने वाले नए शिक्षकों के लिए एमएसीपी लागू करने को लेकर है. उन्होंने कहा कि यह संघर्ष उन 17 संवर्ग सरकारी कर्मचारियों के लिए है, जो अभी तक शिशु शिक्षण भत्ता के लाभ से वंचित हैं. साथ ही यह आंदोलन उन कर्मचारियों के लिए भी है जो जल्द ही 60 वर्ष की आयु सीमा पार कर सेवानिवृत्त होने वाले हैं.
इस अवसर पर राम कुमार हेंब्रम, कार्तिक महतो, एनी समद सुरीन और ऑलिव भुईयां मौजूद थे. सभी ने महासम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की.

