गम्हरिया/ Bipin Varshney टाटा स्टील गम्हरिया में बुधवार को विश्वकर्मा पूजा पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुई. अवसर पर कर्मचारियों ने अपने-अपने विभागों को सजाया और विशेष पूजा वेदी तैयार की.



मुख्य समारोह सिक्युरिटी विभाग परिसर में आयोजित हुआ. वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच वीपी (एलपी) आशीष अनुपम, प्लांट चीफ रंजन कुमार सिंह और यूनियन अध्यक्ष बी.के. डिंडा ने यजमान बनकर पूजा- अर्चना की. इस दौरान कंपनी की निरंतर प्रगति, कर्मचारियों की समृद्धि और मशीनों के सुचारू संचालन की कामना की गई.
कंपनी के पिलेट प्लांट, डीआरआई, एसएमएस, स्टोर, कोक ओवन समेत सभी इकाइयों में भी पूजा बड़े ही धूमधाम से सम्पन्न हुई. कर्मचारियों ने कार्यस्थल को साफ- सुथरा कर सुसज्जित किया और पूरे मनोयोग से भगवान विश्वकर्मा की आराधना की.
कार्यक्रम में सेफ्टी हेड अगम कुमार, एसएमएस हेड मुकुंद झा, सिक्युरिटी हेड महेन्द्र सिंह बानरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे. संपूर्ण आयोजन का संचालन सीएस विभाग के कैप्टन मनीष सिन्हा, महेंद्र कुमार सिंह और नीरज गुप्ता की टीम की देखरेख में हुआ. विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर यह संदेश दिया गया कि मेहनत और कौशल ही किसी उद्योग की असली शक्ति है. भगवान विश्वकर्मा की पूजा कार्य में दक्षता, सुरक्षा और समृद्धि प्रदान करती है.





