सरायकेला: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने शुभकामनाएं दी और उनके दीर्घायु होने की कामना की. सांसद ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री इसी तरह देश के गांव- गांव और शहर- शहर की सेवा करते रहें. विपक्ष द्वारा प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर विरोध के सवाल पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि विपक्ष से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है और यह उनकी निजी प्रतिक्रिया है.

इधर प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देशभर में शुरू किए गए “स्वस्थ नारी- सशक्त परिवार” अभियान पर सांसद ने कहा कि यह केंद्र सरकार द्वारा थोपा गया अभियान है. उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए हर साल पोषण पखवाड़ा का आयोजन किया जाता है और इसमें कुछ भी नया नहीं है. उन्होंने केंद्र सरकार पर पुराने योजनाओं में अपना नाम जोड़कर नई ब्रांडिंग करने की आदत का आरोप लगाया.

मालूम हो कि सांसद जोबा माझी बुधवार को सरायकेला के कांड्रा रायपुर फुटबॉल मैदान में आज़ाद क्लब के 50वें वर्षगांठ पर आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया.
जोबा माझी (सांसद- सिंहभूम)

