आदित्यपुर. सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना पुलिस ने गम्हरिया इंग्लिश स्कूल से रहस्यमयी तरीके से गायब हुए दो सहोदर भाइयों सहित तीन नाबालिग छात्रों को नाटकीय ढंग से रांची रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया है. सूत्रों के अनुसार आदित्यपुर पुलिस बच्चों को रिकवर कर रांची से वापस लाने की प्रक्रिया में है.

मिली जानकारी के मुताबिक तीनों छात्र पूरी तैयारी के साथ घर से निकले थे. परिजनों का कहना है कि बच्चे स्कूल जाने के लिए निकले थे लेकिन घर वापस नहीं लौटे तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. मामला संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
टीम ने तकनीकी और मानवीय इनपुट जुटाते हुए पाया कि तीनों बच्चे टाटानगर रेलवे स्टेशन पर देखे गए हैं. इसके बाद रेल पुलिस की मदद से बच्चों को रांची रेलवे स्टेशन पर उतारा गया और सुरक्षित कस्टडी में लिया गया. बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे फिलहाल रांची जीआरपी की देखरेख में सुरक्षित हैं.
बच्चों के सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की है. बच्चे क्यों भागे थे इसकी जांच पुलिस कर रही है. इस घटना को लेकर मंगलवार को पूरे दिन सरायकेला- खरसावां पुलिस प्रशासन में हलचल बनी रही. गनीमत रही कि सभी बच्चे सुरक्षित बरामद कर लिए गए.

