पलामू: नक्सल विरोधी अभियान के तहत पलामू पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता मिली है. जहां सुरक्षाबलों ने तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के सक्रिय सदस्य और पांच लाख के इनामी नक्सली मुखदेव यादव को मुठभेड़ में मार गिराया है.

गौरतलब है कि तीन सितंबर की रात टीएसपीसी नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में पलामू पुलिस के दो जवान शहीद हुए थे. उस घटना में मुखदेव यादव की संलिप्तता सामने आई थी. पुलिस ने जवानों की शहादत का बदला लेते हुए यह सफलता हासिल की है.
जानकारी के अनुसार पुलिस ने दस लाख के इनामी टीएसपीसी कमांडर शशिकांत गंझू को निशाने पर रखते हुए शनिवार को बड़े स्तर पर सर्च अभियान चलाया. इस अभियान में कोबरा, जगुआर और जिला पुलिस बल की टीमें संयुक्त रूप से शामिल रहीं. गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान पांच लाख के इनामी मुखदेव यादव को मार गिराया गया.
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान आगे भी तेज़ी से जारी रहेगा और संगठन से जुड़े अन्य बड़े नक्सलियों को भी या तो गिरफ्तार किया जाएगा या फिर निष्प्रभावी कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि पलामू पुलिस का लक्ष्य क्षेत्र से नक्सली गतिविधियों को पूरी तरह खत्म करना है.

