सरायकेला: झारखंड सरकार द्वारा ईचागढ़ विधानसभा में प्रस्तावित महाविद्यालय को पिछड़ी आकांक्षी प्रखंड कुकडू के क्षेत्र में स्थापित करने के संबंध में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार, रांची को पत्र लिखा है.

पत्र में कहा गया है कि ईचागढ़ विधानसभा अंतर्गत केवल एक मात्र सिंहभूम कॉलेज चांडिल प्रखंड में स्थापित है. क्षेत्र के तीन प्रखंड नीमडीह, ईचागढ़ और कुकडू मिलाकर चांडिल अनुमंडल बनता है. कुकडू प्रखंड जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर और चांडिल से 55 किलोमीटर दूर स्थित है. बीच में बहुउद्देशीय सुवर्णरेखा परियोजना भी अवस्थित है.
नीमडीह और ईचागढ़ प्रखंड के अधिकांश पंचायत तथा कुकडू प्रखंड के पूरे क्षेत्र में कोई महाविद्यालय नहीं है. इस कारण इंटर पास छात्र- छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए चांडिल, बुण्डु या सिल्ली जाना पड़ता है. पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुकडू प्रखंड में बैंक, पोस्ट ऑफिस, प्रखंड और अंचल कार्यालय के साथ रेलवे स्टेशन तथा बस यातायात की सुविधा उपलब्ध है.
पत्र के साथ क्षेत्र के बुद्धिजीवियों की बैठक की प्रति भी संलग्न की गई है. मधुश्री महतो ने आग्रह किया है कि कुकडू प्रखंड सहित नीमडीह और ईचागढ़ के छात्र- छात्राओं की सुविधा को देखते हुए प्रस्तावित महाविद्यालय को कुकडू प्रखंड में स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की जाए. इसकी प्रतिलिपि रक्षा राज्य मंत्री, भारत सरकार एवं उपायुक्त सरायकेला- खरसावां को भी भेजी गई है.

