रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दरियादिली दिखाते हुए उस युवक को माफ कर दिया जिसने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी. आरोपी युवक जयंत कुमार सिंह को पुलिस ने सारनाथ थाना क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया था. धमकी देने में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद हुआ. आरोपी गाजीपुर भागने की फिराक में था लेकिन पुलिस ने औड़िहार के पास रोडवेज बस रोककर उसे दबोच लिया.

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एमबीबीएस पास छात्र है और मेडिकल की मास्टर डिग्री की तैयारी कर रहा था. उसका मकान शिलांग (मेघालय) में भी है और वह कथित रूप से गलत संगत में पड़ गया था.
सूत्रों के अनुसार, आरोपी के पिता ने मंत्री को फोन कर बेटे की गलती के लिए माफी मांगी और कहा कि जेल जाने पर उसका करियर बर्बाद हो जाएगा. इस पर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने युवक को भविष्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी और माफ कर दिया. मंत्री ने कहा कि पढ़ाई लिखाई करो और गलत राह पर मत चलो. डॉ. इरफान अंसारी के इस फैसले की चर्चा झारखंड भर में हो रही है और इसे सकारात्मक कदम माना जा रहा है.

