जमशेदपुर: जुगसलाई विधानसभा के विधायक मंगल कालिंदी द्वारा वर्ष 2023 में पटमदा प्रखंड अंतर्गत बामनी टोला पोड़ाडीह में पथ निर्माण कार्य कराया गया था. राम सिंह के घर से शुकु मांझी के घर तक पेपर ब्लॉक से बनी सड़क की स्थिति पर अब सवाल उठ रहे हैं.

स्थानीय लोगों ने बताया कि कार्य पूर्ण होने के बाद लगाए गए शिलापट्ट में न तो सड़क निर्माण की राशि अंकित है और न ही मजदूरी दर का विवरण दिया गया है. ठेकेदार या कंपनी का नाम भी गायब है. शिलापट्ट सड़क किनारे जमीन पर पड़ा हुआ है, जिससे निगरानी और रखरखाव में गंभीर लापरवाही सामने आ रही है.

यह स्थिति पारदर्शिता के सिद्धांत के खिलाफ है और स्थानीय नागरिकों के अधिकारों को प्रभावित कर रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य से जुड़ी पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए, शिलापट्ट को सही स्थान पर पुनः स्थापित कर उस पर आवश्यक विवरण अंकित किया जाए तथा मजदूरी भुगतान और सामग्री उपयोग की जांच की जाए. उन्होंने प्रशासन से जवाबदेही तय करने और योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी अपील की है.

