जमशेदपुर: परसुडीह बाजार स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में सोमवार को पुरानी और नई कमेटी के बीच विवाद हिंसक हो गया. आरोप है कि पुरानी कमेटी के सचिव रमेश यादव और अध्यक्ष जितेंद्र यादव ने नई कमेटी के सदस्यों पर तलवार से हमला कर दिया. इस घटना में तीन लोगों को गंभीर चोटें आईं जबकि कई अन्य आंशिक रूप से घायल हुए.

घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज जारी है. गंभीर रूप से घायल लोगों में श्याम बिहारी यादव, राहुल मुखी और रंजीत यादव शामिल हैं.
नई कमेटी का आरोप है कि पुरानी कमेटी ने विगत वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान पैसे का हेरफेर किया था. इसी कारण बाजार समिति ने पुरानी कमेटी को हटाकर नई कमेटी का चयन किया. सोमवार को भूमि पूजन के बाद नई कमेटी की बैठक चल रही थी तभी पुरानी कमेटी के सदस्यों ने हमला कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना से इलाके में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोग प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग कर रहे हैं.

