चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा में सोमवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा पहुंचे और गुवा गोलीकांड के शहीदों को नमन किया. इस मौके पर पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़ कुंवर गागराई, पूर्व विधायक शशिभूषण सामड, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुविद समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

श्रद्धांजलि सभा के बाद मीडिया से बातचीत में अर्जुन मुंडा ने गुवा गोलीकांड को कांग्रेस की देन बताया. उन्होंने कहा कि जल-जंगल-जमीन की लड़ाई लड़ रहे आदिवासियों पर तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने गोलियां चलवाईं, जिसे इतिहास कभी माफ नहीं करेगा. उन्होंने कहा कि आजादी से पहले से शुरू हुई आदिवासियों की संघर्ष यात्रा आजादी के बाद भी जारी रही.
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने अलग झारखंड राज्य बनाकर आदिवासियों को पहचान दी, मगर आज झारखंड में आदिवासियों की जमीन लूटी जा रही है. उनके हक और अधिकार छीने जा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी षड्यंत्र के तहत आदिवासियों की अस्मिता से खिलवाड़ किया जा रहा है और जल-जंगल-जमीन पर अवैध कब्जा हो रहा है.
मुंडा ने सरकार से मांग की कि आदिवासियों के हक और अधिकारों की सुरक्षा के लिए ठोस कानून बनाया जाए और उसे धरातल पर लागू किया जाए. उन्होंने शहीद दिवस पर आयोजित सरकारी कार्यक्रमों को लेकर कहा कि केवल आयोजनों से शहीदों का सपना पूरा नहीं होगा. जब तक उनके अधिकारों को कानूनी सुरक्षा नहीं मिलेगी, तब तक ये आयोजन बेमानी हैं.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
