जमशेदपुर: राजद के वरिष्ठ नेता दिवंगत राधे प्रसाद यादव का श्राद्धकर्म 13 सितंबर को एग्रीको स्थित राजद कार्यालय के निकट मैदान में आयोजित किया जाएगा. इस मौके पर लगभग पांच हजार लोगों के जुटने की संभावना है. कार्यक्रम की तैयारी जोर- शोर से शुरू कर दी गई है.

जानकारी के अनुसार श्राद्धकर्म एवं कुटुंबभोज संध्या 6 बजे से आयोजित होगा. आयोजन की तैयारी राधे यादव फाउंडेशन और परिवारजनों द्वारा की जा रही है. पुत्र सुनील कुमार यादव कर्मकांड की प्रक्रिया को संपन्न करने में जुटे हुए हैं. वहीं आयोजन को सफल बनाने के लिए टेंट हाउस, लाइट, कैटरर और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी भी पूरी की जा रही है.
राजद के प्रदेश महासचिव सह प्रभारी पूर्वी सिंहभूम पुरेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि दिवंगत राधे यादव कोल्हान के सर्वमान्य नेता थे. उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. उन्होंने कहा कि श्राद्धकर्म में राजद के अलावा अन्य राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और मजदूर संगठनों को भी आमंत्रित किया गया है.
श्राद्धकर्म कार्यक्रम में कई मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है. तैयारी में हीरा प्रसाद यादव, श्रीनिवास यादव, शंभू यादव, पप्पू संजय, अंश, दशरथ सिंह, हरेंद्र यादव, विजय यादव, प्रेम यादव समेत कई कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

