आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai झारखंड सरकार द्वारा हाल ही में गठित “झारखंड राज्य विस्थापन एवं पुनर्वास आयोग 2025” को लेकर प्रदेश कांग्रेस सचिव सुरेश धारी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे सराहनीय और दूरदर्शी कदम करार दिया.

सुरेश धारी ने कहा कि आयोग राज्य में लंबे समय से चली आ रही विस्थापन की समस्या के समाधान और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास में अहम भूमिका निभाएगा. यह निर्णय कांग्रेस पार्टी की घोषणाओं का हिस्सा भी रहा है, जिसका मकसद विकास परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के अधिकारों को मजबूत करना और परियोजना कार्यान्वयन को सुचारू रूप से आगे बढ़ाना है.
उन्होंने आगे कहा कि आयोग का गठन न केवल विस्थापन की समस्याओं को दूर करने में मददगार होगा, बल्कि इससे प्रभावित लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा. यह झारखंड सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि विकास के साथ- साथ जनता के हितों की रक्षा के लिए भी सरकार समान रूप से सजग है.

