जामताड़ा: जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जहां 18 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. युवक देवघर कॉलेज का छात्र था. परिजनों और पूरे इलाके में इस घटना से मातम पसरा है. जामताड़ा थाना क्षेत्र के राजबाड़ी शाखा बस्ती का रहने वाला 18 वर्षीय सौरभ पाल देवघर कॉलेज में एनसीसी इंटर आर्ट्स सेकंड ईयर का छात्र था.

बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर के सभी लोग गांधी मैदान में लगे गणेश मेले में गए हुए थे. सौरभ के पिता ने कई बार बेटे को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ. इसके बाद उन्होंने पड़ोसी को घर जाकर देखने के लिए कहा. जब पड़ोसी घर पहुंचे तो दरवाजा खोलकर देखा सौरभ गमछे के सहारे पंखे से लटका हुआ था. परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है. हालांकि आत्महत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है.

