सरायकेला/ Pramod Singh सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिला पुलिस ने विशेष सड़क सुरक्षा अभियान शुरू किया है. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर यह अभियान अगले एक महीने तक चलेगा. इसके तहत जिले के ब्लैक स्पॉट पर विशेष जांच की जाएगी.

यह अभियान तिरुलडीह थाना क्षेत्र में भी चलाया जाएगा. थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि बिना हेलमेट चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों और वाहन के कागज़ात साथ नहीं रखने वालों पर चालान काटा जाएगा. उन्होंने साफ किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट पहनें और सभी आवश्यक कागज़ात अपने साथ रखें. उन्होंने कहा कि अभियान का मकसद केवल चालान काटना नहीं बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को जागरूक करना है.
ब्लैक स्पॉट पर विशेष जांच की जाएगी और वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी. साथ ही लोगों को बताया जाएगा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना क्यों जरूरी है और इससे दुर्घटनाओं को कैसे रोका जा सकता है. थाना प्रभारी ने साफ चेतावनी दी है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. इसलिए लोगों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें.

