सरायकेला/ Pramod Singh सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने वैधानिक अंकेक्षण के दौरान अनुपस्थित रहने पर सरायकेला के प्रभारी प्रखंड लेखा प्रबंधक रवि मिश्रा के मानदेय भुगतान पर रोक लगा दी है. इस संबंध में सिविल सर्जन ने स्पष्टीकरण मांगा है और चौबीस घंटे के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है.

सिविल सर्जन द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि 25 और 26 अगस्त को प्रस्तावित वैधानिक अंकेक्षण में प्रभारी प्रखंड लेखा प्रबंधक रवि मिश्रा उपस्थित नहीं हुए. इतना ही नहीं, इस दौरान उनका मोबाइल भी बंद पाया गया. जिला लेखा प्रबंधक ने जब उनसे संपर्क साधने का प्रयास किया तो सफल नहीं हो सके. बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायकेला के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने भी पुष्टि की कि मिश्रा का फोन लगातार बंद था.
इस पर कार्रवाई करते हुए सिविल सर्जन ने आदेश जारी किया है कि चौबीस घंटे के भीतर प्रथम चिकित्सा पदाधिकारी के माध्यम से लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जाए. तब तक उनके मानदेय का भुगतान रोक दिया गया है.

